नाली में गिरने से 7 माह के मासूम की मौत:बहनें स्कूल से लौटीं तो गायब था भाई, खोजबीन करने पर नाले में मिला शव

नर्मदापुरम के चंद्रपुरा गांव में गुरुवार शाम घर में खेल रहे 7 महीने के बच्चे की नाली में गिरने से मौत हो गई। परिवार जब उसे तलाशते हुए बाहर पहुंचा तो बच्चा नाली में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घर में मातम पसरा है। जानकारी के अनुसार मृतक बच्चे का नाम देव यादव था, जो तीन बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों ने बताया कि वह घुटनों के बल चलना सीख चुका था और अक्सर घर में इधर-उधर घूमता रहता था। गुरुवार शाम घर में मां और बड़ी मां मौजूद थीं, तभी बच्चा अचानक नजर नहीं आया। स्कूल से लौटी उसकी बहनों ने जब घर में भाई को नहीं देखा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद बच्चा घर के बाहर नाली में मिला, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद देव को मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया। देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *