सीहोर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के नावघाट पर गुरुवार रात नाव के किराए को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान नाव चलाने वालों ने यात्रियों के साथ मारपीट की और एक व्यक्ति ने हवाई फायर कर दिया। घटना के बाद नाव में सवार लोग डरकर भाग गए। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, बावरी निवासी अल्काबाई अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बावरी स्थित नर्मदा नदी के नावघाट पर नाव में बैठकर एक पार से दूसरे पार जा रही थीं। नाव को डिमावर निवासी भीमसिंह, गौरव और सौरव चला रहे थे। बताया जाता है कि इसी दौरान किराए के पैसों को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी बढ़ने पर भीमसिंह, गौरव और सौरव ने अल्काबाई और उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। विवाद इतना बढ़ गया कि गौरव ने बंदूक निकालकर हवाई फायर कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। फरियादी अल्काबाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी भीमसिंह, गौरव और सौरव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, अभी तक तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नावघाट पर नाव में बैठने के किराए की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसमें एक परिवार के लोगों के साथ तीन लोगों ने मारपीट की और एक व्यक्ति ने हवाई फायर भी किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


