इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर शनिवार को निंबोला ओवरब्रिज के पास फोरलेन निर्माण कार्य शुरू होने से लंबा जाम लग गया। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक वाहनों की तीन से चार किलोमीटर लंबी कतारें दोनों ओर लगी रहीं। इस जाम में इंदौर जा रही एक एम्बुलेंस भी फंस गई, जिसमें एक मरीज था। निंबोला ओवरब्रिज से बुरहानपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर काम शुरू होने के कारण यह स्थिति बनी। जाम के कारण वाहन चालकों और स्कूली विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। निंबोला पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों ने यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। 108 एम्बुलेंस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अंकित नागर ने बताया कि जाम के कारण मरीज को इंदौर ले जाने में काफी दिक्कत हुई। झिरी से लेकर रईपुरा तक भी जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई थी। स्थानीय ग्रामीणों ने फोरलेन निर्माण को आवश्यक बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि काम में हो रही देरी और रुक-रुक कर काम होने से परेशानी बढ़ रही है। ग्रामीण रामदास महाजन और देवेंद्र देशमुख ने मांग की कि काम को बिना किसी अंतराल के लगातार जारी रखा जाए ताकि यह जल्द पूरा हो सके और लोगों को कम परेशानी हो। देखिए तस्वीरें…


