बूंदी| राजस्थान ओबीसी आयोग के सदस्य प्रो. राजीव सक्सेना और मोहन मोरवाल कलेक्ट्रेट सभागार में जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, प्रबुद्धजन और विभिन्न हितधारक शामिल रहे और ओबीसी वर्ग से जुड़ी समस्याओं व सुझावों पर खुलकर चर्चा की। सदस्य प्रो. सक्सेना ने कहा कि आयोग सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के तहत ग्रामीण और शहरी निकायों में पिछड़े वर्ग की वास्तविक स्थिति का अध्ययन कर रहा है। जनसंवाद के दौरान प्राप्त सुझावों पर आधारित समग्र रिपोर्ट राज्य सरकार को प्रस्तुत की जाएगी, जिससे ओबीसी वर्ग को न्यायोचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिल सके। सदस्य मोरवाल ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनसंख्या के अनुपात में हर पिछड़े वर्ग के व्यक्ति को उसका हक मिले। आयोग के जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ भी शामिल रहे।


