निकाली आदर्श होली शोभायात्रा, डीजे की जगह गाए परंपरागत-भक्ति गीत

भास्कर न्यूज | राजिम ग्राम पंचायत बकली में होली पर्व को शालीनता, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाने के उद्देश्य से भव्य ‘आदर्श होली शोभा यात्रा’ निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत गायत्री मंदिर परिसर से हुई, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर ग्रामीणों ने होली को प्रेम, भाईचारे और मर्यादा के साथ मनाने का संदेश दिया। शोभायात्रा के दौरान डीजे या अश्लील गीतों के बजाय भक्ति एवं सांस्कृतिक गीतों का प्रसारण किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय और अनुशासित बना रहा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य होली पर्व के दौरान फैल रही कुरीतियों पर रोक लगाने और सकारात्मक संदेश देना था। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि होली के नाम पर अश्लील गीत, अनर्गल गाली-गलौज, कपड़े फाड़ना, चोरी चकारी जैसी गतिविधियों को परंपरा मानना गलत है। उन्होंने अपील की कि होली को स्नेह, शांति और आपसी सम्मान के साथ मनाया जाए। कार्यक्रम में अध्यक्ष उमेश कुमार साहू, सचिव कमलेश साहू, मानू मारकंडे, नागेंद्र साहू, टीकम सेन, घनाराम साहू, पुराण साहू, श्याम रतन यादव, सरपंच बिंदु दुर्गा सेन, भुवनेश्वरी साहू, वर्षा साहू सहित अन्य ग्रामवासी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *