भास्कर न्यूज| कांटाबांजी भारत की वैश्विक व्यापार कूटनीति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में कांटाबांजी में जन्मे और पले-बढ़े प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय उद्यमी और व्यापार विशेषज्ञ निखिल कुमार गोयल को भारत–शंघाई सहयोग संगठन ट्रेड काउंसिल का मानद (ओनोरारी) व्यापार आयुक्त नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारत वर्ष 2026 में बीआरआईसीएस की अध्यक्षता संभालने की तैयारी कर रहा है। निखिल गोयल, बीएल गोयल और किरण गोयल के सुपुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी धर्मपत्नी अंकिता अग्रवाल ने भी उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पिछले 17 वर्षों से अधिक समय से एशिया, अफ्रीका, यूरोप और मध्य-पूर्व में अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश प्रोत्साहन और आर्थिक कूटनीति के क्षेत्र में सक्रिय गोयल की यह नियुक्ति भारत के वैश्विक व्यापार हितों को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है। उन्होंने बहुपक्षीय सहयोग, रणनीतिक निवेश और सतत व्यापार विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए गोयल ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है और वे भारत की आर्थिक आकांक्षाओं को ब्रिक्स व एससीओ देशों के साथ जोड़ते हुए जिम्मेदार व्यापार, सतत निवेश और सहयोगात्मक विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। मानद व्यापार आयुक्त के रूप में गोयल भारत सरकार के विभिन्न संस्थानों, उद्योग संगठनों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ मिलकर व्यापार सुगमता, निवेश प्रवाह और नीतिगत समन्वय को मजबूत करेंगे। इसके साथ ही वे फरवरी 2026 में कतर में आयोजित होने वाले बिजनेस फोरम में भाग लेने एक अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भी करेंगे, जिसमें क्षेत्र के प्रमुख व्यापार एवं आर्थिक कूटनीति से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे। उनकी नियुक्ति पर केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले, नुआपड़ा विधायक जय ढोलकिया, कांटाबांजी विधायक लक्ष्मण बाग सहित कई केंद्रीय नौकरशाहों व प्रशासनिक अधिकारियों ने हर्ष जाहिर की है।


