मेगा नियुक्ति मेला 2025–26 के आयोजन के लिए जिला स्तर पर तैयारी बैठक का आयोजन जिला सद्भावना भवन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर आशुतोष कुलकर्णी ने की। मेगा जॉब फेयर के माध्यम से कम से कम 400 युवाओं को रोजगार प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। जिला रोजगार अधिकारी स्वर्णलता राउत ने नियुक्ति मेले के उद्देश्य और प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी दी। कलेक्टर कुलकर्णी ने कहा कि जिले के बेरोजगार युवकों-युवतियों को अधिकतम रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए बड़ी संख्या में निजी कंपनियों और रोजगार प्रदाताओं को आमंत्रित किया जाएगा। निर्णय लिया गया कि युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मेले का आयोजन बिशामकटक ब्लॉक स्थित मिनी स्टेडियम में किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन आगामी फरवरी के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित है। मेले के दौरान प्रतिभागियों, कंपनियों तथा स्थानीय इकाइयों के साथ फोकस समूह चर्चा आयोजित की जाएगी। साथ ही स्टार्ट-अप इकाइयों और मुद्रा लोन लाभार्थियों के अनुभव साझा कराने के लिए जिला उद्योग केंद्र को विशेष निर्देश दिए गए। पिछले जॉब फेयर की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया गया कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को रोजगार प्राप्ति में महत्वपूर्ण सहायक बनते जा रहे हैं। व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को दायित्व सौंपे गए। पुलिस विभाग कानून- व्यवस्था देखेंगे, आरडब्ल्यूएसएस पेयजल व्यवस्था और अग्निशमन विभाग अग्नि-सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर निबीन चंद्र नायक, मुख्य विकास अधिकारी जिला परिषद अक्षय कुमार खेमुंडू, उपजिलापाल रायगड़ा रमेश कुमार जेना सहित अधिकारी उपस्थित थे।


