छिंदवाड़ा में कड़ाके की ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। निगम कमिश्नर सी.पी. राय ने देर रात शहर के रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट और जगन्नाथ स्कूल स्थित रैन बसेरों में पहुंचकर वहां मौजूद लोगों से बातचीत की और सुविधाओं का हाल जाना। कमिश्नर ने रैन बसेरों में अलाव, गर्म बिस्तर, हीटर, फिल्टर पानी और शौचालय जैसी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने खुले में सो रहे जरूरतमंदों से मुलाकात कर उन्हें रैन बसेरों में जाने की अपील की। साथ ही सिटी मैनेजर को निर्देश दिए कि खुले आसमान के नीचे सोने वालों की सूची बनाएं और उन्हें रैन बसेरों में शिफ्ट करने के लिए प्रेरित करें। स्टेशन पर हो चुकी है एक मौत बता दें कि बीते दिनों छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन परिसर में ठंड लगने से एक अज्ञात भिक्षुक की मौत हो गई थी। उस वक्त निगम द्वारा अलाव न जलाए जाने का मामला भी सामने आया था। इस घटना के बाद प्रशासन अब सतर्कता बरत रहा है, ताकि शीतलहर से किसी और की जान न जाए।


