भास्कर न्यूज|लुधियाना प्रीत सिनेमा के पास स्थित पासपोर्ट ऑफिस के बाहर अवैध रूप से लगे होर्डिंग्स को लेकर नागरिकों ने नगर निगम कार्यालय में शिकायत की थी। कई लोगों का कहना था कि इन होर्डिंग्स के कारण पासपोर्ट दफ्तर में प्रवेश में बड़ी दिक्कतें आ रही थीं। होर्डिंग्स के कारण रास्ता संकुचित हो गया था, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही थी। इस मुद्दे को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई की। नगर निगम के इंस्पेक्टर जस्सी ने मौके पर जाकर सभी अवैध होर्डिंग्स को हटा दिया। इसके साथ ही उन्होंने सभी दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी कि वे पासपोर्ट दफ्तर के पास पैसेज एरिया में किसी भी प्रकार का होर्डिंग या विज्ञापन न लगाएं। जस्सी ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर भविष्य में फिर से अवैध होर्डिंग्स लगाए गए, तो संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। इंस्पेक्टर जस्सी ने यह भी पाया कि कुछ दुकानदारों ने पैसेज एरिया को पूरी तरह से जाली से बंद कर रखा था, जिससे लोगों के आने-जाने में और भी दिक्कतें उत्पन्न हो रही थीं। उन्होंने इन दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि वे खुद अपनी जाली हटा लें, अन्यथा इसे तोड़ा जाएगा। नगर निगम ने यह साफ कर दिया कि भविष्य में इस इलाके में कोई भी अवैध होर्डिंग्स और जाली नहीं लगने दी जाएगी। नगर निगम के इस कदम से पासपोर्ट ऑफिस के बाहर की स्थिति में सुधार हुआ है और अब नागरिकों को बिना किसी परेशानी के दफ्तर में प्रवेश मिल सकेगा। यह कार्रवाई यह भी दर्शाती है कि नगर निगम इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को लेकर गंभीर है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने पाएगी।


