निगम ने बिल्डिंग सील की तो पावरकॉम ने इंफ्रास्ट्रक्चर उतार नोटिस चिपकाया

भास्कर न्यूज | अमृतसर सुल्तानविंड रोड पर एक बिल्डिंग मालिक ने 30 किलोवाट बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया। वहीं निगम ने उक्त बिल्डिंग को सील कर दिया। पावरकॉम कर्मियों ने ऑनलाइन आई फाइल का सारा एस्टीमेट बनाकर बिल्डिंग मालिक को भेजा जिसने बनती अमाउंट जमा करवा दी। इसके बाद पावरकॉम ने बिल्डिंग के बाहर 2 पोल, केबल और जीओ स्विच समेत अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर लगा दिया। सील बिल्डिंग में बिजली का सारा इंफ्रास्ट्रक्चर लगने का पता जब आरटीआई एक्टिविस्ट जगदीश सिंह मिट्ठा को चला तो उन्होंने इसकी शिकायत निगम उच्चाधिकारियों को भेज दी। निगम ने पावरकॉम को उक्त बिल्डिंग को बिजली कनेक्शन न देने को पत्र लिखा। मिट्ठा ने बताया कि पूर्व पार्षद की यह बिल्डिंग बिना नक्शा पास करवाए बनाई है। निगम की कार्रवाई करते हुए बिल्डिंग को सील कर दिया मगर मालिक ने सील तोड़कर पावरकॉम से बिजली कनेक्शन लेने को ऑनलाइन एप्लीकेशन भेजी। सील देखे बिना पावरकॉम कर्मचारियों ने एस्टीमेट तैयार कर दिया। पावरकॉम ने ठेकेदार से बोलकर बिल्डिंग को कनेक्शन देने को कहा। ठेकेदार ने 2 खंभे, 35 एमएम की एक्सएलपी केबल और जीओ स्विच लगा दिए। पावरकॉम को जब बिल्डिंग सील के बारे पता चला तो उन्होंने बिजली का सारा इंफ्रास्ट्रक्चर उतारकर नोटिस चिपका दिया। वहीं इंडस्ट्रीज डिवीजन के एक्सईएन इंजीनियर हरदीप सिंह सेखो ने कहा कि निगम ने उक्त बिल्डिंग को बिजली कनेक्शन न देने को पत्र लिखा था। जिसके बाद बिजली का लगाया सारा सामान उतारकर वेरका स्टोर में जमा करवा दिया गया है, जबकि उक्त कनेक्शन की जमा राशि भी जब्त कर ली गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *