उदयपुर नगर निगम के सफाई कर्मचारी की बेटी और सरकारी स्कूल की छात्रा सोनाक्षी पंडित ने मणिपुर में अंडर-17 स्कूली नेशनल जूडो चेम्पियनशिप में गोल्ड मैडल जीता है। बड़ी बात ये है कि सोनाक्षी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हरियाणा और सेमीफाइनल में पंजाब की मजबूत खिलाड़ियों को पटखनी देकर फाइनल में पहुंची। फिर फाइनल में सीबीएसई टीम खिलाड़ी मेहरप्रीप को कड़े मुकाबले में हराकर गोल्ड मैडल हासिल किया। फिजिकल टीचर सुशील सेन ने बताया कि फाइनल में निर्धारित 4 मिनट के गेम में दोनों में से कोई भी बढ़त नहीं बना पाया था। ऐसे में एक्स्ट्रा टाइम दिया गया। जिसमें सोनाक्षी ने सीओईनागे टेक्निक लगाकर मुकाबला जीत लिया। सुशील सेन सर करा रहे नि:शुल्क प्रेक्टिस: सोनाक्षी
विजेता खिलाड़ी सोनाक्षी बताती हैं कि सुशील सेन सर बीते 5 साल से उन्हें जूडो की नि:शुल्क प्रेक्टिस करा रहे हैं। उन्होंने जूडो की कई तकनीकी बारीकियां सिखाईं और हमें लगातार प्रेक्टिस कराते हुए मजबूत बनाया। उनके मार्गदर्शन और माता-पिता के सपोर्ट से यह उपलब्धि हासिल हुई है। सोनाक्षी गोरेला सीनियर सैकंडरी स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा है। इससे पहले इसने भीलूराणा सरकारी स्कूल से 8वीं तक पढ़ाई की थी। कई मेडल जीत चुकी सोनाक्षी
-भारतीय जूड़ो महासंघ की ओर से वेस्ट जोन वूमेंस लीग में लगातार वर्ष 2022 से 2024 तक तीन गोल्ड मैडल जीते।
-खेलो इंडिया नेशलन वूमेंस लीग में वर्ष 2023 और 2024 में सिल्वर मेडल।
-2024 में सब जूनियर फेडरेशन में ब्रॉन्ज मेडल।
-अंडर-17 कैडेट नेशनल जूडो प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मैडल।
-2025 में खेलो इंडिया यूथ गेम में सिल्वर मेडल जीता।


