मानपुर ब्लाक के औंधी तहसील के जंगल में बाघ के मौजूदगी की पुष्टि हुई है। पिटेपानी इलाके में बाघ ने एक मवेशी को भी शिकार बनाया है। बाघ की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई है। डीएफओ दिनेश पटेल ने बाघ के मूवमेंट की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आसपास के जंगल में ट्रैप कैमरा लगाया गया है। जिससे बाघ की निगरानी का प्रयास किया जा रहा है। गंभीर बात यह है कि बाघ ने जिस हिस्से में मवेशी का शिकार किया है, वह आबादी क्षेत्र के करीब ही है। ऐसे में आसपास के गांव में भी मुनादी कराई जा रही है। वन अफसरों ने बताया कि बाघ महाराष्ट्र के जंगल से विचरण करते हुए क्षेत्र में पहुंचा है। इसके पहले बाघ ने महाराष्ट्र के मुरुमगांव में मेले से लौट रहे एक ग्रामीण को भी शिकार बनाया था। इससे बाघ के आदमखोर होने का भी खतरा बना हुआ है। जिस हिस्से में बाघ की मौजूदगी है, वह औंधी से लगा हुआ क्षेत्र है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से मना किया गया है। वन विभाग ने लगाए ट्रैप कैमरे, ग्रामीणों से अपील मोहला-मानपुर जिले के वन मंडलाधिकारी पटेल ने बताया कि जिले के महाराष्ट्र सीमावर्ती जंगल व गांव के करीब बाघ की आमद के बाद क्षेत्रीय वन अमला लगातार सुरक्षात्मक कार्यों में जुटा हुआ है। संबंधित क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, जिससे बाघ का लोकेशन जाना जा सके। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भी सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।


