बुरहानपुर के लालबाग रोड स्थित हकीमी अस्पताल में 11 नवंबर को जैनाबाद निवासी वैष्णवी नागेश चौहान की गर्भाशय ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कार्रवाई न होने पर मृतका के परिजन और रिश्तेदार सोमवार से शनवारा गेट के पास क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हैं। भूख हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान एआईएमआईएम ने भी हड़ताल को समर्थन दिया। जिलाध्यक्ष जहीर उद्दीन और नफीस मंशा खान ने कहा कि एआईएमआईएम पीड़ित परिवार के साथ है और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करती है। इससे पहले, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील और नेपानगर विधायक मंजू दादू ने कलेक्टर हर्ष सिंह से मुलाकात कर मामले की जांच की मांग की थी। इसके बाद कलेक्टर ने एडीएम वीर सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारियों की एक समिति गठित की है, जो इस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार के क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठने के बाद, अन्य पीड़ित भी इस हड़ताल को समर्थन देंगे, जिन्होंने पहले अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। मृतका के रिश्तेदार महेश सिंह चौहान ने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, क्रमिक भूख हड़ताल जारी रहेगी।


