निजी कंपनी को व्यावसायिक लीग के लिए स्टेडियम देना राज्य की खेल नीति के विपरीत

भास्कर न्यूज| लुधियाना गुरुनानक देव स्टेडियम में सितंबर में फुटबॉल इंडियन सुपर लीग करवाने की तैयारी चल रही है। जिसको लेकर आयोजक की तरफ से पिछले दिनों गुरुनानक देव स्टेडियम का दौरा किया गया था और तैयारियां भी शुरू कर दी। लेकिन, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन ने फुटबॉल की इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के लिए निजी कंपनी राउंड ग्लास का होम ग्राउंड बनाने के प्रस्ताव पर आपत्ति जताई और विरोध शुरू कर दिया। इस संबंध में वीरवार को एसोसिएशन के पदाधिकारी डीसी हिमांशु जैन से मिले और मांग पत्र सौंपा। उन्होंने स्टेडियम की सिंथेटिक ट्रैक और फील्ड को सुरक्षित रखने की मांग की। इसके साथ ही एसोसिएशन ने स्पोर्ट्स सेक्रेटरी व डीएसओ को भी मांग पत्र दिया गया। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि गुरु नानक देव स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक और फील्ड है। यहां जैवलिन, हैमर और डिस्कस जैसे थ्रो इवेंट्स की नियमित प्रैक्टिस होती है। उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि सिंथेटिक ट्रैक को नुकसान से बचाने के लिए स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे आयोजनों को ट्रैक पर न करने के निर्देश दिए गए थे। ऐसे में किसी निजी कंपनी को व्यावसायिक लीग के लिए स्टेडियम देने को राज्य की खेल नीति के विपरीत बताया गया। सदस्यों ने बताया कि लगभग नौ करोड़ रुपये की लागत से तैयार सिंथेटिक ट्रैक की वारंटी 2029 तक है। आईएसएल मैचों के दौरान तकनीकी स्टाफ, सब्सटिट्यूट बेंच और उपकरणों के उपयोग से ट्रैक को नुकसान होने और वारंटी खत्म होने का खतरा है। इसके अलावा आईएसएल मानकों के अनुसार किए जाने वाले निर्माण और बदलाव ट्रैक को क्षति पहुंचा सकते हैं। गुरु नानक देव स्टेडियम पंजाब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की मान्यता प्राप्त है। यहां खेड़ा वतन पंजाब दीयां, पंजाब स्कूल स्टेट गेम्स और पंजाब एथलेटिक्स एसोसिएशन के सभी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। 24 साल बाद 2025 में एक राष्ट्रीय प्रतियोगिता यहां हुई थी और 2026 के लिए दो और राष्ट्रीय आयोजन एएफआई कैलेंडर में शामिल हैं। डीसी ने दिया आश्वासन-ग्राउंड से कोई खिलवाड़ नहीं होने देंगे: एसोसिएशन ने मांग कि स्टेडियम को आईएसएल का होम ग्राउंड बनाने की अनुमति न दी जाए और अन्य जगह शिफ्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि डीसी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि खिलाड़ियों के लिए बनाए ग्राउंड से कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि अगर मांगों के खिलाफ जाकर मैदान निजी कंपनी को सौंपा गया तो वह सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान जिला एथलेटिक एसोसिएशन के चेयरमैन रमिंदर सिंह संगोवाल, जनरल सचिव पंजाब प्रेम सिंह, द्रोणाचार्य अवार्डी एसएस पन्नू, बीजेपी एससी मोर्चा पंजाब के प्रधान व एथलेटिक एसोसिएशन पंजाब के पैटर्न एसआर लद्दड़, तेजा राम वाल्मीकि मौजूद रहे। डीएसओ कुलदीप चुग ने बताया कि हायर अथॉरिटी के जो निर्देश होंगे उनका पालन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *