निजी खर्च से मदद करेंगे कांग्रेसी नेता, राहत सामग्री वितरण के लिए बनाई कमेटी

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग ने बाढ़ से हुए नुकसान के लिए केंद्र सरकार से 50 हजार करोड़ की राहत राशि की मांग की है। उन्होंने कहा कि वीरवार को गांवों का दौरा करने के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अगर वह यहां आए है तो कुछ लेकर आते। उन्हें राहत पैकेज लेकर आना चाहिए था। वहीं कहा कि बाढ़ के कारण लाखों एकड़ जमीन तबाह हो गई। घरों के घर गिर गए और कई बच्चे व बुजुर्गों की जानें चली गईं। अब समय राजनीति करने का नहीं बल्कि एक साथ होकर काम करने का है। राजा वड़िंग वीरवार को जिला देहाती कांग्रेस दफ्तर में पहुंचे थे और यहां उन्होंने हलका इंचार्ज व पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पदाधिकारी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि 1988 के बाद बाढ़ के कारण पंजाब का हालात खराब हुए हैं। हम सभी को पंजाब के लोगों के साथ खड़े होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वह इस समय राजनीति नहीं करेंगे। किसी के खिलाफ नहीं बोलेंगे। हमें जवाब लेना है तो वह बाद में भी ले लेंगे। उन्होंने कहा कि अगर तैयारी पहले की होती तो शायद काफी कम नुकसान होता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोगों के साथ खड़ी है और खड़ी रहेगी। इसके लिए वह लोगों को राहत सामग्री भेज रहे हैं। पंजाब के सभी कांग्रेसी नेता अपने निजी खर्च से यह राहत सामग्री भेजेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के इस समय रमदास और अजनाला हलके में काफी नुकसान हुआ है। रमदास में अब और पानी बढ़ा है। उक्त दोनों गांवों में कांग्रेस राहत सामग्री भेजेगी। इसके लिए जिला लेवल की कमेटी बनाई गई है, जिसमें जिला कांग्रेस के प्रधान अश्वनी पप्पू, भगवंत पाल सिंह सच्चर, कंवलप्रीत सिंह लक्कू, विकास सोनी, पूर्व विधायक सुनील दत्ती और जिला देहाती कांग्रेस के प्रधान हरप्रताप सिंह अजनाला को शामिल किया गया है। यह कमेटी राहत सामग्री का सामान खरीदेगी और बाढ़ग्रस्त इलाकों मे उन्हें हलका इंचार्ज व पार्षद बांटने का काम करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *