डीडवाना जिले के निमोद कस्बे में खेतों के रास्ते को लेकर चल रहा विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब रास्ता खुलवाने के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। मौलासर तहसीलदार कार्यालय की टीम की मौजूदगी में ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी मारपीट में बदल गई। जानकारी के अनुसारविवादित रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। प्रशासन से कई बार शिकायत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला था, जिससे ग्रामीणों में रोष था। प्रशासनिक अधिकारियों के सामने ही दोनों पक्षों में पहले धक्का-मुक्की हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। पुलिसकर्मी भी झड़प में घायल हुए
स्थिति बिगड़ती देख बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मी भी झड़प में घायल हो गए। घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
इस घटना के दौरान तहसील की टीम के मौके से चले जाने पर ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान निकाला जाता तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
फिलहाल, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खेतों तक आने-जाने के रास्ते का जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


