डीडवाना में मंगलवार को ई-मित्र केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य आमजन को पारदर्शी और निर्धारित दरों पर ई-मित्र सेवाएं उपलब्ध कराना था। यह कार्रवाई जिला कार्यालय सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, डीडवाना के उपनिदेशक शिवराज सोनी के निर्देश पर तथा ब्लॉक स्तरीय प्रोग्रामर राजेश भदाला के निर्देशन में ब्लॉक स्तरीय आईटी टीम ने की। निरीक्षण के दौरान ई-मित्र केंद्रों पर विभाग द्वारा निर्धारित रेट-लिस्ट, को-ब्रांडेड बैनर, ई-मित्र कियोस्क प्रमाण-पत्र और शिकायत-सुझाव पुस्तिका की जांच की गई। टीम ने यह भी सुनिश्चित किया कि आमजन से ई-मित्र सेवाओं के लिए निर्धारित दरों के अनुसार ही शुल्क लिया जा रहा है या नहीं। जांच में 2 ई-मित्र केंद्र विभागीय नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इन केंद्रों पर ई-मित्र संचालन के समय पहचान-पत्र धारण नहीं करने के कारण नियमानुसार कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान ई-मित्र संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए। उन्हें आमजन को नियमानुसार सेवाएं प्रदान करने, प्रत्येक सेवा पर कंप्यूटर जनित रसीद अनिवार्य रूप से देने और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क ही वसूल करने को कहा गया।
साथ ही, ई-मित्र संचालन के दौरान पहचान-पत्र पहनकर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा दिव्यांगजन और वृद्ध नागरिकों के ई-मित्र केंद्र पर आने पर उनके कार्यों को प्राथमिकता से संपादित करने के निर्देश भी दिए गए।


