नियुक्ति: एसकेएमएस एटक के केंद्रीय अध्यक्ष बने कन्हैया सिंह

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) एसईसीएल का दो दिवसीय छठा अधिवेशन मधुबन क्लब, राजनगर के हसदेव क्षेत्र में हुआ। सम्मेलन में कामरेड कन्हैया सिंह को केंद्रीय अध्यक्ष और कामरेड अजय विश्वकर्मा को केंद्रीय महासचिव चुना गया। विजय मुदलियार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। सम्मेलन में एटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्य वक्ता कामरेड रामेन्द्र कुमार मौजूद रहे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विद्यासागर गिरी, महामंत्री कामरेड हरिद्वार सिंह और अध्यक्ष कामरेड अजय विश्वकर्मा विशेष वक्ता के रूप में शामिल हुए। एसईसीएल के सभी क्षेत्रों से 170 प्रतिनिधि पहुंचे। कामरेड हरिद्वार सिंह ने पिछले चार साल के कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। 30 प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। संगठन को मजबूत बनाने, केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों और श्रमिकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कामरेड रामेन्द्र कुमार और विद्यासागर गिरी ने कहा कि केंद्र सरकार उद्योगपतियों के हित में चार कोड बिल ला रही है। ये मजदूर और यूनियन विरोधी हैं। इसके खिलाफ देशभर के ट्रेड यूनियन 20 मई को एक दिवसीय हड़ताल करेंगे। सम्मेलन के दूसरे दिन कामरेड रामेन्द्र कुमार, विद्यासागर गिरी और अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से कामरेड कन्हैया सिंह को केंद्रीय अध्यक्ष और कामरेड अजय विश्वकर्मा को केंद्रीय महासचिव चुना गया। इस निर्णय से एसकेएमएस एटक के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कन्हैया सिंह और अजय विश्वकर्मा ने कहा कि एसईसीएल कर्मचारियों की समस्याओं और ठेका मजदूरों को न्याय दिलाने के लिए काम करेंगे। संगठन को आगे बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *