भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर न्यू लाइफ हेल्थ एंड एजुकेशन सोसायटी के न्यू लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में विश्व क्षय दिवस पर पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। बीएससी नर्सिंग के छात्रों ने इसमें भाग लिया। इस साल क्षय दिवस की थीम `हां, हम टीबी को समाप्त कर सकते हैं, संकल्प लें, निवेश करें, कार्य करें था। प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षय रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रेरित करना था। छात्रों ने रंग-बिरंगे पोस्टर बनाकर अपनी रचनात्मकता दिखाई। पोस्टरों में क्षय रोग के लक्षण, बचाव के उपाय और उपचार के महत्व को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। प्रतियोगिता में छठवें सेमेस्टर की जास्मिन खातून ने पहला स्थान हासिल किया। पांचवें सेमेस्टर की चांदनी राजवाड़े दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे सेमेस्टर की पूनम सिंह को तीसरा स्थान मिला। संस्था प्राचार्य ने कहा कि छात्रों का सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों में रुचि लेना सराहनीय है। ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल ज्ञान बढ़ाती हैं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम भी हैं। कार्यक्रम का आयोजन असिस्टेंट प्रोफेसर संगीता चिकनजुरी और बीएससी नर्सिंग के छात्रों ने किया। संस्था प्रबंधन और प्राचार्य डॉ. अंजना सेमुएल के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।


