सशक्त समाज के लिए महिलाओं का आगे बढ़ना जरूरी है: तिवारी

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर में इंदिरा फैलोशिप द्वारा आयोजित ‘शक्ति अभियान’ कार्यक्रम धूमधाम से हुआ। इसमें छत्तीसगढ़ की प्रभारी अवंतिका तिवारी, सरगुजा से प्रीतिका विश्वकर्मा, प्रवक्ता साक्षी अग्रवाल और साइबर वॉलंटियर अतुल गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके अधिकारों व सुरक्षा को लेकर जागरूक करना था। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से आए इंदिरा फैलो ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने समाज में बदलाव लाने के लिए किए जा रहे कार्यों पर चर्चा की। अवंतिका तिवारी ने कहा कि सशक्त समाज की नींव तभी रखी जा सकती है, जब महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने इंदिरा फैलोशिप को महिलाओं के लिए सामाजिक सेवा और नेतृत्व का मंच बताया। साथ ही, राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। प्रीतिका विश्वकर्मा ने कहा कि शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सहायता के लिए टीमें गठित की जा रही हैं। इन टीमों के जरिए महिलाओं को मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाएगा। साक्षी अग्रवाल ने महिलाओं की सामाजिक स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और आत्मनिर्भरता के लिए संगठित होकर आगे आना होगा। घरेलू हिंसा, लैंगिक भेदभाव और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा बेहद जरूरी साइबर वॉलंटियर अतुल गुप्ता ने महिलाओं की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा बेहद जरूरी है। इससे महिलाएं ऑनलाइन धोखाधड़ी, छेड़छाड़ और साइबर अपराधों से बच सकती हैं। उन्होंने 1930 साइबर हेल्पलाइन और महिला हेल्पलाइन 181 जैसी सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए सभी को उचित मंच और संसाधनों का सही उपयोग करना चाहिए। इससे अधिकतम लोगों तक जागरूकता पहुंच सकेगी और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *