सागर| नेशनल हाईवे-44 पर बम्हौरी तिराहे के पास बन रहे बायपास ब्रिज ने सोमवार को लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोपहर करीब 1 बजे 108 एंबुलेंस (CG 04 NQ 5368) अचानक सड़क पर ही फेल हो गई। एक तरफ ब्रिज का निर्माण और दूसरी ओर चालू ट्रैफिक के तंग हिस्से में एंबुलेंस को मौके पर ही ठीक करने की कोशिश ने पूरे हाईवे को जाम में तब्दील कर दिया। एनएचएआई की क्रेन से एंबुलेंस को हटाया जरूर गया लेकिन तब तक हालात बिगड़ चुके थे। गुड़ा फाटक से चितौरा टोल तक करीब 10 किमी लंबी वाहनों की लाइन लग गई। यह मार्ग रहली और नरसिंहपुर का प्रमुख निकासी रास्ता होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की भारी संख्या यहां फंस गई। लोग घंटों फंसे रहे।


