रहली | किसान भले मक्का के भाव से सन्तुष्ट नहीं है लेकिन एक सप्ताह में उछलकर 1750 रुपए प्रति क्विंटल का भाव भी अब किसानों को भाने लगा है जिससे मंडी में मक्का की आवक बढ़ी है। सोमवार को सप्ताह के पहले दिन हुई आवक से मंडी परिसर सुबह 11 बजे ही पूरा भर गया। 11 बजे के बाद अनाज लेकर आने वाले वाहनों को मंडी का गेट बंद कर प्रवेश से रोका, जिससे मंडी के गेट से आधा किमी दूर मोहार चौराहे तक वाहनों की तो प्रवेश पर्ची लेने काउंटर पर किसानों की कतार लग गई। कुछ किसानों ने जबरदस्ती वाहन मंडी परिसर में ले जाने की कोशिश की तो मंडी अधिकारियों व किसानों में तू-तू, मैं, मैं भी हुई। मंडी परिसर में पहुंची मक्का की बोली लगने के बाद सड़क पर खड़े वाहनों के अनाज की बोली व्यापारियों ने सड़क पर पहुंचकर लगाई। मक्का की आवक से मंडी परिसर छोटा पड़ रहा है। मंडी के शेडों और आसपास की सीसी पर व्यापारियों का अनाज रखा है, ऐसे में किसानों के लिए जगह नहीं बच रही है। जो किसान पहले मंडी पहुंच जाते हैं वे तो जगह खोजकर ढेर लगा लेते हैं, बाद में आने वाले किसान दूसरी तरफ ट्रैक्टर-ट्रॉली लिए खड़े रहते हैं।


