शहडोल में एक निर्माणाधीन भवन की चौथी मंजिल से गिरकर 40 वर्षीय मजदूर जागेंद्र सिंह की मौत हो गई। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नर्सरहा डिपो के पास बीज गोदाम के पीछे स्थित एक भवन में सेंट्रिंग का कार्य करते समय हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर जागेंद्र सिंह सेंट्रिंग का काम करते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह निर्माणाधीन भवन सुधीर सिंघई का बताया जा रहा है। घटना के बाद भवन मालिक और ठेकेदार पर आरोप है कि उन्होंने इसे दबाने और पुलिस को सूचना न देने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि घायल मजदूर को काफी देर तक अस्पताल नहीं ले जाया गया। आसपास के लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे।


