भास्कर न्यूज | राजनांदगांव शासकीय शिवनाथ विज्ञान कॉलेज में विगत दिनों जनभागीदारी समिति की बैठक हुई। शुरुआत समिति के संयोजक अनिल चंद्रवंशी ने की। उन्होंने पिछली बैठक के एजेंडा की जानकारी दी। इसमें पदेन सदस्य की नियुक्ति, निर्माण कार्य की स्थिति, जनभागीदारी फंड का आय-व्यय, नई शिक्षा नीति 2020 के तहत नए सेटअप का निर्माण, श्रमिकों के मानदेय में वृद्धि और फंड में आय बढ़ाने के लिए मैदान के उपयोग पर मासिक शुल्क तय करने जैसे बिंदु शामिल थे। प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे ने एजेंडा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू हो चुकी है। नए पदों का सृजन, रिक्त पदों की पूर्ति, नए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की शुरुआत, विद्यार्थियों की संख्या अनुसार अतिरिक्त कक्षों का निर्माण और वेबसाइट को अद्यतन करना जरूरी है। स्टाफ की सेवानिवृत्ति और ट्रांसफर के कारण कार्य संचालन में दिक्कतें आ रही हैं। समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने सभी प्रस्तावों को सकारात्मक रूप से पूरा करने प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने बताया कि रिक्त पदों की पूर्ति और नए पदों के लिए शासन से प्रक्रिया अनुसार मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त से मिलकर मांग रखी जाएगी। सभी सदस्यों ने इस पर सहमति दी। बैठक में सदस्य नमिताभ जैन, जैनम बैद, तरुण साहू, पंकज कुरंजरेकर, गीतेश गुप्ता, आशीष सूरे मौजूद रहे। स्नातकोत्तर का दर्जा लेने के लिए प्रयास शहर के 3 कॉलेजों में 2 को स्नातकोत्तर का दर्जा मिल चुका है। विद्यार्थियों की मांग को देख साइंस कॉलेज में ज्यादा विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने शासन से पत्राचार किया जाएगा। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्थान पर जिले के अन्य कॉलेजों से अतिशेष कर्मियों की नियुक्ति के प्रयास किए जाएंगे। अध्यक्ष ने वेबसाइट को जल्द अद्यतन करने और कॉलेज की पत्रिका अभ्युदय का समय पर प्रकाशन करने पर जोर दिया। अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग से प्राक्कलन और नक्शा बना कर संबंधित विभाग से स्वीकृति लेने की बात कही गई।


