अंबिकापुर | कलेक्टर अजीत वसंत ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरिमा का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं एवं निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट और अन्य भवनों की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी सीजीएमएससी को शीघ्र प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण पूरा होते ही ऑपरेशन थियेटर को कार्यशील बनाया जाए और इसके लिए आवश्यक उपकरणों की मांग राज्य कार्यालय को शीघ्र भेजने के निर्देश मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली और मरीजों को समय पर निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा, कलेक्टर ने संस्थागत प्रसव के तहत महिलाओं को दी जाने वाली सहायता राशि समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति पर भी सख्ती दिखाते हुए समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। रामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बड़ा दामली क्षेत्र में मानव संसाधन की कमी को लेकर जिला स्तर पर पद पूर्ति और शेष पदों की मांग राज्य कार्यालय को भेजने के आदेश दिए।


