निर्माण सामग्री की हेराफेरी कर 9 करोड़ की धोखाधड़ी

भास्कर न्यूज | लुधियाना टैगोर नगर स्थित एक निजी कंपनी में बड़े स्तर पर निर्माण सामग्री की हेराफेरी कर करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। थाना डिवीजन नंबर 8 पुलिस ने पीड़ित पक्ष के बयान पर कई नामजद आरोपियों और फर्मों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष के अनुसार उनकी कंपनी लीगल इंडिया लिमिटेड टैगोर नगर में स्थित है। कंपनी की ओर से 14 जनवरी 2026 को तिमाही स्टॉक ऑडिट कराया गया। ऑडिट के दौरान सामने आया कि कंपनी में आने वाला निर्माण सामग्री का स्टॉक (रेत, बजरी और मिट्टी) कागजों के मुकाबले काफी कम पाया गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने कंपनी से करीब 2000 ट्रक निर्माण सामग्री, जिसमें लगभग एक लाख टन रेत, बजरी और मिट्टी शामिल है, की हेराफेरी की। इस सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोप है कि इस तरह कंपनी के साथ संगठित तरीके से धोखाधड़ी की गई। मामले में आरोपी के तौर पर मोहन सिंह, सुरजीत कुमार, नवदीप वालियां, साकेत, रूबल, यादविंदर, रवि, अंकित तिवारी, पंकज गर्ग (मालिक एसजीई इन्फ्राटेक), राम बिलास अग्रवाल (मालिक शिवम मिनरल्स), पंकज गर्ग, सतीश और अवनीश (पार्टनर श्री गणेश कंस्ट्रक्शन) के अलावा इन फर्मों के कर्मचारी मनोज राजस्थानी और अमन पच्चर मुंशी को नामजद किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *