गैंगस्टरों के 50 ठिकानों पर एक साथ रेड अवैध हथियारों के साथ 11 आरोपी काबू

भास्कर न्यूज़ | लुधियाना अवैध हथियारों और आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने दो दिन लगातार सख्त कार्रवाई की है। वीरवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हथियारों के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शुक्रवार को शहर और आसपास के इलाकों में गैंगस्टरों व उनके सहयोगियों के ठिकानों पर बड़े स्तर पर छापेमारी की गई। थाना लाडोवाल के अधीन फूड चौक ओवरब्रिज के पास स्पेशल सेल ने गुरविंदर सिंह, इंदर शर्मा और प्रिंस मेहता को गिरफ्तार कर 32 बोर का नाजायज पिस्तौल और 2 जिंदा राउंड बरामद किए। वहीं थाना सराभा नगर पुलिस ने वेरका मिल्क प्लांट के पास गगनदीप सिंह और सुनील कुमार को काबू कर एक पिस्तौल और एक देसी कट्टा बरामद किया गया। इसी तरह थाना शिमलापुरी पुलिस ने दाना मंडी के पास अरोड़ा कट से हरदीप सिंह, हरजिंदर सिंह, विक्रम सिंह, साजन और राजू को गिरफ्तार कर एक देसी पिस्तौल, 2 दातर और 2 डंडे जब्त किए। थाना सदर पुलिस ने धांधरा ग्राउंड कच्चे रास्ते से अमृतपाल सिंह को पकड़कर 38 बोर का देसी रिवॉल्वर और 2 कारतूस बरामद किए गए। शुक्रवार को कमिश्नरेट पुलिस ने गैंगस्टर ते वार अभियान के तहत शहर के करीब 50 हॉटस्पॉट्स पर एक साथ छापेमारी की। 50 टीमों में 400 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। 600 से ज्यादा लोगों का वेरिफिकेशन किया गया। 8 एफआईआर दर्ज की गईं और गिरफ्तारियां हुईं। किरायेदारों की जांच, पहचान पत्रों की पुष्टि और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराधियों को शरण देने या मदद करने वालों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टरों और अवैध हथियारों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि शहर में अपराध पर प्रभावी लगाम लगाई जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *