भास्कर न्यूज | जशपुरनगर उप जिला निर्वाचन अधिकारी जशपुर ने नगरीय निकाय चुनावों के लिए ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) के दौरान लापरवाही बरतने वाले छह अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, नगरीय निकाय चुनाव के लिए ईवीएम मशीनों की एफएलसी प्रक्रिया 13 से 16 जनवरी के बीच होनी है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। हालांकि, 13 जनवरी को कई अधिकारी और कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इनमें लोक निर्माण विभाग जशपुर के उप अभियंता रंजीत वैलेंटाइन एक्का, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग के उप अभियंता अनुज केरकेट्टा, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के व्याख्याता सिकंदर भगत, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गम्हरिया के भृत्य कलिंदर राम, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पुत्री चौरा के भृत्य महावीर भगत, और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बुनियादी जशपुर के भृत्य संजय कुमार शामिल हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने इन सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। नोटिस में कहा गया है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि नगरीय निकाय चुनावों को सफलतापूर्वक और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की तत्परता आवश्यक है। ऐसे में निर्वाचन कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि चुनाव से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


