आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एसीबी ने दूसरे दिन शनिवार को भी निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे से पूछताछ की। एसीबी ने पूछा कि आपकी नोएडा में भी कोई संपत्ति है। इस पर चौबे ने नोएडा में कोई संपत्ति होने से इनकार कर दिया। फिर पूछा गया कि उनके रिश्तेदारों के नाम पर रांची और अशोक नगर में जो प्रॉपर्टी है, वह कब और कैसे ली गई। चौबे ने इसका जवाब नहीं दिया। कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। इस मामले में पूछताछ के लिए विनय चौबे को एसीबी ने चार दिन की रिमांड पर लिया है। शनिवार को पूछताछ का दूसरा दिन था। एसीबी े मुताबिक पूछताछ में विनय चौबे से कोई खास सहयोग नहीं मिल रहा है। पूछताछ के पहले जांच एजेंसी रोज उनके स्वास्थ्य की जांच करवा रही है। पहले सदर अस्पताल में स्वास्थ्य की जांच कराई जाती है, फिर पूछताछ शुरू होती है। शनिवार को एसीबी में छुट्टी होने की वजह से वहां भीड़भाड़ नहीं रही। इसलिए उनसे लंबी पूछताछ चली। एसीबी को पता चला है कि चौबे ने अपनी प|ी स्वप्ना संचिता, ससुर एसएन त्रिवेदी, साले शिपिज त्रिवेदी और साले की प|ी प्रियंका त्रिवेदी के बैंक खातों और फर्मों का उपयोग निवेश के लिए किया। स्निग्धा सिंह व नवीन केडिया की तलाश तेज आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में फरार आरोपी स्निग्धा सिंह और शराब घोटाले के आरोपी नवीन केडिया की तलाश में एक बार फिर एसीबी ने छापेमारी तेज कर दी है। स्निग्धा सिंह पिछले कई महीने से फरार चल रही है। वहीं नवीन केडिया 13 जनवरी से फरार है। चौबे के सीए से 4 बिंदुओं की ले रही जानकारी एसीबी विनय चौबे के साथ उनके दो सीए उपेंद्र शर्मा और धनंजय कुमार से भी पूछताछ कर रही है। शनिवार को भी दोनों सीए से पूछताछ की गई। एसीबी इन दोनों से चौबे व उनके परिवार की नोएडा, पटना और रांची की संपत्ति के बारे में जानकारी ले रही है। उनकी आय और खर्च के अंतर को लेकर भी दोनों से सवाल किए जा रहे हैं। पूछा जा रहा है कि निश्चित अवधि में उनकी आय 2.20 करोड़ थी तो खाते में 3.47 करोड़ का लेनदेन कैसे हुआ।


