भास्कर न्यूज|गुमला नगर निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मियां अब परवान चढ़ने लगी हैं। जैसे-जैसे नामांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। गुमला नगर परिषद के अध्यक्ष पद की कुर्सी पर काबिज होने के लिए जिले के दिग्गजों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करानी शुरू कर दी है। शनिवार को नामांकन पर्चा खरीदने की प्रक्रिया में आई तेजी ने यह साफ कर दिया है कि इस बार का चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है। शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशियों ने नामांकन फॉर्म खरीदा। समर्थकों की बढ़ती भीड़ और एसडीओ कार्यालय परिसर में प्रत्याशियों की चहल-पहल से स्पष्ट है कि नगर सरकार बनाने के लिए बिसात बिछाई जा चुकी है। इधर मतदान केंद्र के 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार के राजनीतिक कार्यालय का संचालन वर्जित रहेगा। किसी भी प्रत्याशी अथवा राजनीतिक दल द्वारा मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने या ले जाने हेतु वाहनों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। मतदान केंद्र के अंदर या आसपास अव्यवस्थित आचरण करना अथवा मतदान कर्मियों के कार्य में बाधा डालना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होगा। किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी मतदाता का प्रतिरूपण (फर्जी मतदान) कराने पर कार्रवाई की जाएगी। दिग्गज चेहरों के मैदान में आने से अब मतदाताओं के बीच चर्चा शुरू हो गई है। जहां एक ओर कुछ प्रत्याशी योजनाओं के दम पर जनता के बीच जाने की तैयारी में हैं। वहीं कुछ शहर की समस्याओं और विकास की धीमी रफ्तार को मुद्दा बनाने की रणनीति बना रहे हैं। फिलहाल दिग्गज महिला चेहरों की इस दावेदारी ने चुनाव को हॉट सीट की जंग में तब्दील कर दिया है। एक महिला प्रत्याशी ने अध्यक्ष व पार्षद दोनों पदों के लिए पर्चा लिया है। इसी प्रकार चुनावी मैदान में खड़े मां-बेटे मोसर्रत प्रवीण और आसिफ जफर ने दुबारा नामांकन पर्चा खरीदा है। जबकि बबलू वर्मा ने वार्ड 15 से अपनी मां उमा देवी को मैदान में उतारते हुए नामांकन पर्चे की खरीदारी की है। चुनाव को लेकर उत्साह बना हुआ है। तीसरे दिन वार्ड पार्षद पद के लिए विभिन्न वार्डो से 27 अभ्यर्थियों ने नामांकन पर्चा लिया है। इसमें निवर्तमान उपाध्यक्ष कलीम अख्तर सहित निवर्तमान पार्षद भी शामिल है। वार्ड एक से सहदेव उरांव, मनीष कुमार, नीरज बरवा व सुरेश उरांव, तीन से इलिजाबेत तिग्गा, सागर तिर्की, चार से रूपेश कुमार, पांच से अबु तालीब, सीता देवी, साजिद मंजर व कलीम अख्तर, सात से रोमा कुमारी नंद, 9 से आरिफ आलम, आरिफ नैयर, दस से तबरेज अंसारी, अनवर अली व फैजान अंसारी, 11 से तरनिका कच्छप व कुमुदनी लकड़ा, 14 से आसिफ जफर, मोसर्रत प्रवीण व मुर्शीद हनीफ, 15 से उमा देवी, 18 से पोलेना भगत, 20 से अभिषेक कुमार, 22 से पंकज कुजूर व गणेश खड़िया शामिल है।


