निवाड़ी में स्कूली छात्र लापता, कोचिंग गया था:परिजन ने तलाश करने एसपी कार्यालय में आवेदन दिया

निवाड़ी जिले के पुछीकरगुवां गांव में एक 13 वर्षीय बालक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। लड़के के पिता अयोध्या प्रसाद ने बताया कि बेटे को एक युवक के साथ बुधवार को देखा गया था, जो खुद भी लापता है। पुलिस ने अभी तक केस दर्ज नहीं किया है। जिससे परिजन परेशान और चिंतित हैं। परिजनों ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर बेटे को ढूंढने की गुहार लगाई है। एक दिन पहले कोचिंग के लिए घर से निकला था कुनाल यादव बुधवार शाम 6 बजे सुनील यादव के घर ट्यूशन पढ़ने के लिए अपने घर से निकला था। लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। सुनील यादव का फोन कुनाल के घर पर गया तो पता चला कि वह कहीं गुम हो गया है। परिजनों ने उसे गांव में खोजने की कोशिश की, जहां उन्हें पता चला कि कुनाल को आखिरी बार रोहित नाम के एक लड़के के साथ देखा गया था। परिजनों के अनुसार, रोहित पिछले दो वर्षों से गांव के जय हिंद यादव, तनय नाथूराम यादव के घर रह रहा था। जब परिजनों ने जय हिंद यादव से रोहित के बारे में पूछा, तो वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद परिजनों ने रोहित का फोन नंबर लगाया। लेकिन उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। बालक के पिता ने घटना की जानकारी पुलिस थाना सेदरी में दी। लेकिन पुलिस ने केस दर्ज करने से मना कर दिया। पुलिस ने कहा कि 24 घंटे पूरे होने के बाद ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। पिता ने जताई अपहरण की आशंका इस पर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक निवाड़ी को लिखित आवेदन देकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। बालक के पिता ने आशंका जताई है कि उनके बेटे का अपहरण हुआ है और समय रहते कार्रवाई न होने पर उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने एसपी से अपील की है कि रोहित और उनके बेटे की तत्काल तलाश की जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी बोले- लड़के की लोकेशन मथुरा मिली है सेदरी थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उनके द्वारा जांच की जा रही है और लड़के की लोकेशन मथुरा में मिल गई है। जल्द ही पूरे मामले का खुलास करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *