गढ़वा |जिले के कईं आपूर्तिकर्ताओं ने उपायुक्त दिनेश कुमार यादव को आवदेन देकर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, जेबीएवी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्कूल के सत्र 2025-26 के लिए निस्तारित निविदा में गड़बड़ी की शिकायत की है। साथ ही जांचोपरांत निविदा रद्द करते हुए कार्रवाई की मांग की है। आपूर्तिकर्ताओं ने आवेदन के साथ झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निविदा संबंधी मार्गदर्शिका और विगत वर्ष का दर की छायाप्रति भी संलग्न किया है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि निविदा निस्तारण में देरी की गई। 18 मार्च को तकनीकी निविदा खोला गया और वित्तीय निविदा पांच मई को खोला गया। निविदा दर बाजार दर से अधिक रहने के कारण इसकी सूचना एल-वन दस जून को विद्यालय खुलने के एक दिन पूर्व प्रकाशित किया गया। तकनीकी निविदा खोलकर निविदादाता से तोल-मोल कर वित्तीय निविदा खोली गई। क्रय समिति की बैठक में निविदादाता को एक बार मौखिक रूप से अनुतीर्ण बताकर बाद में उतीर्ण कर दिया गया।


