निशान यात्रा से शुरू होगी श्याम महोत्सव आज, शाम को कलाकार देंेगे प्रस्तुति

भास्कर न्यूज | सरायकेला श्री श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में शनिवार की सुबह भव्य निशान यात्रा से श्याम महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर नगर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्याम मित्र मंडल के सदस्यों के अनुसार अनुसार शनिवार को प्रातः 9:11 बजे धर्मशाला स्थित महालक्ष्मी मंदिर से श्री निशान यात्रा नगर भ्रमण के लिए निकलेगी। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और नृत्य- नाटिकाओं के साथ निकलने वाली यह निशान यात्रा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होगी। निशान यात्रा नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए जेल रोड स्थित श्री श्याम मंदिर के प्रस्तावित स्थल पर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु हाथों में निशान, ध्वज एवं श्याम बाबा की झांकी के साथ भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए आगे बढ़ेंगे। पूरे मार्ग को आकर्षक सजावट और केसरिया पताका से सजाया गया है, जिससे नगर में उत्सव का माहौल हो गया है। निशान यात्रा के समापन के पश्चात शाम के समय भव्य भजन संध्या एवं कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें बाहर से आमंत्रित भजन गायक श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्री श्याम मित्र मंडल ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *