साहस, त्याग व राष्ट्रभक्ति के जीवंत प्रतीक थे सुभाष चंद्र बोस : प्राचार्य

भास्कर न्यूज । नोवामुंडी नोवामुंडी कॉलेज परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रभक्ति, ज्ञान और सांस्कृतिक उल्लास से परिपूर्ण वातावरण देखने को मिला, जब देश के महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती (पराक्रम दिवस) तथा वसंत पंचमी के पावन अवसर पर मां सरस्वती की पूजा का आयोजन एक साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती से हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोजित की अध्यक्षता में शिक्षक-शिक्षिकाओं व छात्र-छात्राओं ने नेताजी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। प्राचार्य ने नेताजी के जीवन को साहस, त्याग व राष्ट्रभक्ति का जीवंत प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इसके पश्चात वसंत पंचमी के अवसर पर विद्या, बुद्धि और वाणी की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की पूजा श्रद्धा एवं विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। पूजा के उपरांत हवन एवं आरती हुई, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। तत्पश्चात महाविद्यालय परिसर में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का आकर्षक प्रदर्शन किया। पारंपरिक परिधानों में सजी छात्राओं की उपस्थिति से परिसर सांस्कृतिक रंगों से भर उठा। रंगोली प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में टाटा स्टील से मिसेज सुरभि भटनागर मुख्य अतिथि एवं मिसेज मधुस्मिता जेना विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी टीम के साथ उपस्थित रहीं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास ने बुके व मोमेंटो भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर कॉलेज कमिटी के सदस्य निसार अहमद, सनत प्रधान एवं पाण्डु सुरेन भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु अतिथियों एवं विद्यार्थियों का निरंतर आगमन होता रहा। साथ ही महाविद्यालय परिसर में खिचड़ी भोज का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। इन्हें किया गया पुरस्कृत प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार रूबी राउत, हरिप्रिया बारी, संध्या बेहरा एवं प्रीति कुमारी को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार सृष्टि ठाकुर, इसिका दास, शीतल नायक एवं पिंकी को मिला, जबकि तृतीय पुरस्कार बालेश्वर पूर्ति, मुकुरु लागुरी, बिनु सिंह पूर्ति एवं जांडोय केराई को प्रदान किया गया। इसके अलावा अंजलि दत्ता, गीता सुवे, शाहीन परवीन, प्रिया पान, संजना गोप, पिंकी कुमारी एवं कसक सिंह को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। सभी विजेताओं को अतिथियों के द्वारा सम्मानित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *