शुभेंदु शुक्ला | अमृतसर निगम चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद हर कोई वार्डों की समीक्षा में लगा हुआ है। राजनीतिक दल अपने-अपने बूथों का आंकलन करने में जुट गए हैं। वहीं 85 वार्डों में संपन्न हुए चुनावों में राजनैतिक दलों के बीच हार-जीत फाइनल होने के बाद कई रोचक रुझान सामने आए हैं। जिसमें वार्ड 30 में सिर्फ 2 वोट से हार-जीत का अंतर रहा। यहां अकाली से अवतार सिंह को 1111 तो कांग्रेस के शैलेंद्र शैली को 1109 वोट हासिल हुए। वहीं सबसे बड़ी जीत वेस्ट हलका के वार्ड 81 में 3429 वोट का अंतर रहा। यहां निशा ढिल्लों कांग्रेस प्रत्याशी ने 4092 वोट हासिल किए तो आप के कवलप्रीत सिंह को 663 वोट मिल सके। कई ऐसे भी वार्ड हैं जहां 10-15 वोटों के अंतर से हार हुई है। इनमें वार्ड 1 से आप प्रत्याशी कुलजीत ने कांग्रेस प्रत्याशी सतिंदर कौर को 15 वोट से शिकस्त दी है। इसी तरह वार्ड 62 में कांग्रेस प्रत्याशी समीर दत्ता ने बीजेपी की मीनू सहगल को 17 वोट और वार्ड 32 में आजाद प्रत्याशी जगमीत सिंह ने आप के जसकीरत को 10 वोट से हराया है। वार्ड 35 में बीजेपी प्रत्याशी अमरजीत कौर ने आप की ज्योति मैनी को 20 वोट से शिकस्त दी है। 4 ऐसे वार्ड भी हैं जहां प्रत्याशियों ने 2 हजार से भी अधिक के अंदर से विपक्षियों को हराया है। जिसमें वार्ड 64 से आजाद कैंडीडेट ने आप प्रत्याशी गुरभेज सिंह को 2285 तो वार्ड 16 से कांग्रेस प्रत्याशी संदीप शर्मा ने बीजेपी के राजीव कुमार को 2162 वोट से हराया। वहीं वार्ड 14 में कांग्रेस प्रत्याशी राजकंवलप्रीत ने आप के प्रदीप शरीन को 2664 वोट के बड़े अंदर से हराया। जबकि 17 ऐसे वार्ड हैं जिनमें जीत का अंतर 1 से 2 हजार वोट के बीच रहा है। सीएम मान के रोड शो के बावजूद निगम चुनाव में सेंट्रल के वार्ड 60 में आप को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। वोटिंग से 3 दिन पहले 18 दिसंबर को सीएम भगवंत सिंह मान मान, पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा, कार्यकारी प्रधान अमन शैरी कलसी से लेकर कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल और विधायकों ने रोड शो किया था। मगर इसी वार्ड60 से आप प्रत्याशी विशाल कुमार 479 वोट के साथ तीसरे नंबर पर रहे हैं।भाजपा प्रत्याशी गौरव गिल 1690 वोट लेकर पार्षद बने हैं। 1193 वोट के बड़े अंदर से भाजपा ने आप को शिकस्त दी है। यहां तक कि आप उम्मीदवार आजाद प्रत्याशी कीर्ति को भी टक्कर नहीं दे पाए। कीर्ति ने भी विशाल कुमार से 163 वोट ज्यादा हासिल किए हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में भी सीएम भगवंत सिंह मान ने 2 बार इसी जगह से रोड शो किया था, मगर सेंट्रल हलका का सूपड़ा साफ हो गया था। विधायक डॉ. अजय गुप्ता का जिस बूथ पर वोट था, वहीं विपक्षी दल से हार गए थे। जिस तरह के समीकरण निगम चुनाव में दिखे हैं, इससे साफ जाहिर है कि विस चुनाव 2027 में जीत हासिल करने के लिए आप को कड़ी मेहनत करनी होगी। वरना लोकसभा और निगम चुनाव से भी बुरा हाल होने होने की संभावना है।


