नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 400 से ज्यादा मरीजों का इलाज

भास्कर न्यूज | लातेहार चतरा सांसद कालीचरण सिंह के सौजन्य से रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर में एक दिवसीय नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर लगा। इसका उद्घाटन सांसद कालीचरण सिंह ने किया। शिविर में रांची से आए हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश कुशवाहा, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. संकेश कुमार सिंह, हड्डी व स्पाइन सर्जन डॉ. अमित कुमार सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह, जनरल फिजिशियन डॉ. समर, डॉ. राणा, सदर अस्पताल के डॉ. सुनील कुमार भगत और लातेहार के दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. चंदन कुमार सिंह ने मरीजों की जांच की। शिविर में 400 से ज्यादा मरीजों का इलाज हुआ। सांसद ने कहा कि किसी रोगी को निरोग बनाना पुण्य का कार्य है। डॉक्टर को भगवान का दूसरा रूप बताया। कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं उनकी प्राथमिकता में हैं। स्वस्थ लातेहार, समृद्ध लातेहार उनका सपना है। जब तक व्यक्ति स्वस्थ नहीं होगा, तब तक समाज और राष्ट्र का विकास संभव नहीं है। सांसद ने डॉ. चंदन कुमार सिंह की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कहा कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना ईश्वरीय कार्य है। उन्होंने बाहर से आए डॉक्टरों का आभार जताया और उन्हें साधुवाद दिया। सिविल सर्जन डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने सांसद की पहल की सराहना की। भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि शिविर से उन लोगों को लाभ मिलेगा, जो बाहर जाकर इलाज नहीं करा पाते। शिविर की शुरुआत सांसद व अन्य अतिथियों ने भारत माता और मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार दुबे, बंशी यादव, अधिवक्ता राजीव रंजन पांडेय, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष गोविंद प्रसाद, अनिल सिंह, मोती प्रसाद सोनी, जय कुमार सिंह, रीना देवी समेत कई लोग मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *