पाटन| नवाजयपुर थाना परिसर में रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर मेदिनीनगर मणिभूषण प्रसाद की अध्यक्षता में थाना क्षेत्र के विकास कार्यों के संवेदक, क्रेशर माइंस संचालक, सीएसपी संचालक, ज्वैलरी दुकानदार एवं अन्य व्यवसायियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर एसडीपीओ ने कहा कि सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। व्यवसायिक गतिविधियों में पारदर्शिता बनाए रखें, किसी भी प्रकार के संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना थाना को दें। थाना स्तर पर लगातार गश्ती एवं निगरानी बढ़ाई जाएगी। क्रशर, सीएसपी व अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी अनिवार्य रूप से लगाएं और सुरक्षा गार्ड रखें। यदि किसी भी प्रकार की धमकी या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिले तो सीधे मुझे या थाना प्रभारी को सूचित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी संवेदक अपने निर्माण स्थल पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था रखें तथा मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। बैठक का मुख्य उद्देश्य थाना क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं समन्वय स्थापित करना था।


