नीट परीक्षा पास करने वाले 12 छात्र सम्मानित

नीट-2025 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले पटियाला जिले के 12 होनहार विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) संजीव शर्मा ने बताया कि यह उपलब्धि पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के मार्गदर्शन में सरकारी स्कूलों में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल गौरव की बात है, बल्कि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। डिप्टी डीईओ डॉ. रविंदरपाल शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों को नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सरकारी स्तर पर मॉक टेस्ट, डाउट क्लासेस और मनोवैज्ञानिक मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं, जिनका उन्हें भरपूर लाभ मिला। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी पटियाला जिले ने नीट परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और इस वर्ष भी उस सिलसिले को जारी रखते हुए जिले के छात्रों ने राज्य में अपना परचम लहराया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इन विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी सराहना की। जिला नोडल इंचार्ज दौलत राम (प्रवक्ता, भौतिक विज्ञान) ने बताया कि सम्मानित छात्रों में मल्टीपर्पस स्कूल से पावस गर्ग और प्रणव शर्मा, एनटीसी राजपुरा से गजलप्रीत कौर और अरमान, स्कूल ऑफ एमिनेंस (फीलखाना) से एकजोत सिंह और प्रिया कुमारी, जीएसएसएस ओपीएल पटियाला से सलोनी चौहान, जीएसएसएस विक्टोरिया पटियाला से तानिया चौहान, जीएसएसएस सीओणा से हरसिमरन कौर और गुरलीन कौर, जीएसएसएस सिविल लाइंस से अभिनव और जीएसएसएस न्यू पावर हाउस कॉलोनी पटियाला से अनूवा शामिल हैं। पावस गर्ग ने पूरे पंजाब में पहला स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *