भास्कर न्यूज | जालंधर देश भर के मेडिकल संस्थानों में दाखिले के लिए चल रही काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने नीट यूजी 2025 के दूसरे चरण की काउंसलिंग में हिस्सा लेने के लिए चॉइस फीलिंग का आज आखिरी दिन है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते है। उम्मीदवारों को चॉइस फिलिंग और लॉकिंग के लिए 9 सितंबर 2025 तक का समय दिया जाएगा। उम्मीदवार इस दौरान अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स चुन सकेंगे तथा 9 सितंबर तक विकल्पों को लॉक करना अनिवार्य होगा। वहीं सीट अलॉटमेंट प्रोसेसिंग 10 और 11 सितंबर को की जाएगी। इसके बाद नीट यूजी राउंड 2 सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 12 सितंबर 2025 को जारी किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित होगी, उन्हें 13 से 19 सितंबर 2025 के बीच संबंधित संस्थान में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और एडमिशन औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। वहीं तीसरे राउंड के लिए उम्मीदवारों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 24 से 29 सितंबर 2025 तक चलेगी। गौरतलब है कि मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की ओर से करवाई जा रही काउंसलिंग के तहत 15 फीसदी अखिल भारतीय कोटा के अंतर्गत इस बार 775 मेडिकल कॉलेज शामिल हैं, जिनमें 400 से अधिक सरकारी मेडिकल कॉलेज, 32 निजी कॉलेज, 13 सरकारी (सोसाइटी) कॉलेज, 44 सोसाइटी संचालित कॉलेज और 250 से ज्यादा ट्रस्ट संचालित कॉलेज सम्मिलित हैं। वहीं इसके साथ ही स्टेट कोटा काउंसलिंग का शेड्यूल भी बताया गया है। इसके मुताबिक स्टेट कोटे के लिए दूसरे राउंड की काउंसलिंग 10 से 19 सितंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी। इसमें शामिल छात्रों का डेटा राज्य 26 और 27 सितंबर को वेरिफाई करेंगे। राज्यों की तीसरे राउंड की काउंसलिंग 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक होगी। इसमें शामिल छात्रों का डेटा 15 और 16 अक्टूबर को वेरिफाई करेंगे। दूसरी राउंड में शामिल छात्रों को 19 सिंतबर तक कॉलेज जॉइन करना होगा। राज्यों में यह तारीख 25 सितंबर तय की गई है। राज्य में तीसरे राउंड में शामिल छात्रों को 14 अक्टूबर तक कॉलेज जॉइन करना होगा।


