नीमच जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक महिला जहर की शीशी लेकर कलेक्टर के सामने पहुंच गई। महिला के हाथ में जहर देखकर अधिकारी और सुरक्षाकर्मी तुरंत सतर्क हो गए। अधिकारियों ने तत्काल जहर की शीशी अपने कब्जे में ली और महिला को शांत करते हुए समझाइश दी। जमीन पर कब्जे का आरोप मनासा तहसील के रामपुरा नाका क्षेत्र की रहने वाली 46 वर्षीय मांगीबाई पति लेखराज ने बताया कि हासपूर रोड स्थित उनकी साढ़े तीन बीघा कृषि भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी कागजात बनाकर उनकी जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। धमकाने और डराने के आरोप मांगीबाई ने बताया कि जमीन पर कब्जा करने वाले लोग उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमका रहे हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग लोगों को भेजकर डराया जाता है और गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही जाती है। महिला का कहना है कि वह पहले भी कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने जनसुनवाई में कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे मजबूर होकर कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगी। इस पर अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया और आत्मघाती कदम न उठाने की समझाइश दी। कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए घटना के बाद कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने महिला को सुरक्षा का आश्वासन दिया है और कहा है कि यदि फर्जी रजिस्ट्री या अवैध कब्जा पाया गया, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने महिला से कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में नियमों के अनुसार जांच की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


