नीमच शहर के सबसे व्यस्ततम कमल चौक पर पार्किंग व्यवस्था बदहाल है। लोगों का आरोप है कि नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा को पद संभाले तीन साल हो चुके हैं, लेकिन इस चौराहे की ट्रैफिक और पार्किंग समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। समस्या के समाधान के नाम पर बार-बार केवल निरीक्षण किए जा रहे हैं। मीना बाजार के आसपास स्थायी अतिक्रमण इसी क्रम में बुधवार शाम को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने एसडीएम संजीव साहू, सीएमओ दुर्गा बामनिया और तहसीलदार संजय मालवीय के साथ कमल चौक का फिर से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि पार्किंग व्यवस्था में सबसे बड़ी बाधा मीना बाजार और उसके आसपास का स्थायी अतिक्रमण है। नपा रिकॉर्ड के अनुसार यह क्षेत्र पार्किंग के लिए आरक्षित है, लेकिन यहां हाथ ठेलों और अवैध दुकानों ने स्थायी कब्जा जमा लिया है। पहले भी जारी हो चुके टेंडर निरीक्षण के बाद, नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तत्काल प्रभाव से कमल चौक और मीना बाजार से स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को पूरी तरह हटाकर पार्किंग स्थल को खाली कराया जाए। अधिकारियों ने मौके पर ही अतिक्रमण हटाकर स्थल को खाली कराने का निर्णय लिया। इससे पहले भी नगर पालिका प्रशासन पार्किंग के टेंडर जारी कर चुका है, लेकिन ठेकेदारों को अतिक्रमण के कारण कार्य शुरू करने की अनुमति नहीं मिल पाई थी। एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि टैगोर मार्ग पर प्रस्तावित पार्किंग की डिजाइन तैयार हो रही है। डिजाइन फाइनल होने के बाद वहां से अतिक्रमण हटाया जाएगा। अभी वहां सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी चल रहा है। नपा अध्यक्ष बोलीं- परिषद की बैठक में होगा निर्णय नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि हाल ही में टैगोर मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण हुआ है, जिसका जायजा लेने एसडीएम और प्रशासनिक अधिकारियों सहित नपा सीएमओ पहुंचे थे। इसके साथ ही मौके पर अतिक्रमण हटाकर पार्किंग की व्यवस्था देखी गई। उन्होंने बताया कि पहले पांच बार टेंडर निकाले गए, लेकिन अब तक किसी ने रुचि नहीं दिखाई थी। इस बार एक ठेकेदार ने टेंडर भरा है। टैगोर मार्ग पर पार्किंग सशुल्क होगी या निशुल्क, इसका निर्णय परिषद की बैठक में लिया जाएगा।


