नीमच शहर में जिला प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने मंगलवार को अंबेडकर कॉलोनी क्षेत्र में कार्रवाई की। खेत नंबर 5 पर सरकारी जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से 4 करोड़ 85 लाख रुपए मूल्य की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। भू-माफियाओं ने सरकारी जमीन पर कॉलम और बीम खड़े कर पक्का निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। सूचना मिलते ही प्रशासन का अमला भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचा। अवैध ढांचे को तुरंत जमींदोज कर दिया गया, जिससे अतिक्रमणकारियों को संभलने का मौका नहीं मिला। बताया गया है कि इस जमीन पर सबर बोरा और फिरोज पिता युसूफ खान ने अवैध रूप से कब्जा किया था। अवैध निर्माण हटाने के तत्काल बाद, नगर पालिका ने भविष्य में दोबारा कब्जे की आशंका को खत्म करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। खेत के चारों ओर प्रीकास्ट लगाकर पक्की बाउंड्री वॉल खड़ी कर दी गई। प्रशासनिक अमला रहा मौजूद इस पूरी मुहिम के दौरान एसडीएम संजीव साहू और तहसीलदार संजय मालवीय ने कमान संभाली। मौके पर अजेंद्रनाथ प्रजापत, नपा सीएमओ दुर्गा बामनिया और केंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी अपने बल के साथ मुस्तैद रहे। कार्रवाई में निरीक्षक विकास पटेल, अमित सारस्वत सहित राजस्व विभाग के पटवारी और नगर पालिका के दर्जनों अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शहर के किसी भी हिस्से में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह अतिक्रमण विरोधी मुहिम निरंतर जारी रहेगी।


