नीमच में अहीर नारायणी सेना के बैनर तले अहीर समाजजनों ने सोमवार दोपहर नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन ‘चक्रधारी श्रीकृष्ण अहीर यदुवंशी चौराहा’ के निर्माण की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष स्वगति चोपड़ा को दिया गया। सेना के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में मांग की है कि नीमच नगर के प्रमुख स्थान पुरानी मंडी गेट के सामने, स्टेशन रोड पर इस चौराहे का निर्माण किया जाए। प्रतिनिधियों ने बताया कि यह स्थान नगर के मुख्य मार्गों में से एक है। समाजजनों के अनुसार, इस चौराहे के निर्माण से अहीर समाज को सामाजिक प्रतिनिधित्व मिलेगा और नगर की सांस्कृतिक विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि अहीर यदुवंशी समाज यह मांग लंबे समय से कर रहा है, जिसे अब मूर्त रूप देने की आवश्यकता है। समाजजनों ने अध्यक्ष से इस प्रस्ताव को स्वीकृति देकर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई जल्द प्रारंभ करने की अपील की है। इस अवसर पर समाज के अनेक लोग और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


