नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम थड़ौली में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक श्यामलाल कारपेंटर (50) ने गुरुवार सुबह एक निजी अस्पताल के आईसीयू में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में अब हत्या के आरोप लगाए जा रहे हैं। छोटे भाई ने रास्ते के लेकर हुए विवाद में किया था हमला यह घटना 23 दिसंबर की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि श्यामलाल के सगे छोटे भाई राजमल कारपेंटर ने रास्ते को लेकर हुए विवाद में उन पर, उनकी पत्नी मंजू और बेटे विजय पर हमला कर दिया था। इस मारपीट में श्यामलाल को गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं। बेटे ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप मृतक के बेटे विजय कारपेंटर ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के तुरंत बाद 112 पर सूचना दी गई थी और घायल पिता को लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी। विजय का आरोप है कि पुलिस ने मरणासन्न हालत में होने के बावजूद श्यामलाल के बयान दर्ज नहीं किए और मामले को गंभीरता से नहीं लिया। वहीं, दूसरी ओर आरोपी राजमल का बिना किसी चोट के मेडिकल परीक्षण करा दिया गया। दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर हंगामा परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते उचित कार्रवाई करती तो शायद श्यामलाल की जान बचाई जा सकती थी। लगातार बिगड़ती तबीयत के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। श्यामलाल की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन नीमच सिटी थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर हंगामा किया। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


