नीमच जिले के केंट थाना क्षेत्र में जवाहर नगर पुलिया के पास शनिवार रात एक 26 वर्षीय युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान स्कीम नंबर 36-ए निवासी यज्ञेश उर्फ शिवा पिता रितेश शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह घटना बीती रात सामने आई, जब सड़क किनारे यज्ञेश का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही केंट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भिजवाया। परिजनों के अनुसार, यज्ञेश उर्फ शिवा शनिवार शाम करीब 5 बजे किसी काम से घर से निकला था। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 1 बजे कुछ परिचितों ने उसे जवाहर नगर स्थित एक ब्यूटी पार्लर के सामने सड़क किनारे अचेत अवस्था में देखा। 108 एंबुलेंस की मदद से परिजन यज्ञेश को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। केंट पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। रविवार सुबह जिला अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक के अंतिम समय में किन-किन स्थानों पर जाने की जानकारी जुटा रही है। केंट पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


