पूर्व सैनिक की अंतिम यात्रा कीचड़ भरे रास्ते से निकली:लुधावली में मुक्तिधाम मार्ग की बदहाली पर लोगों में रोष, कई बार कर चुके शिकायत

शिवपुरी के वार्ड क्रमांक-17 लुधावली निवासी सेवानिवृत्त भूतपूर्व सैनिक सरमन लाल (दीवान) का हाल ही में निधन हो गया। उनके निधन के बाद निकली अंतिम यात्रा को कीचड़ और गंदगी से भरे मार्ग से गुजरना पड़ा, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, भूतपूर्व सैनिक की अंतिम यात्रा उनके निज निवास से ग्वाल समाज के पैतृक मुक्तिधाम की ओर रवाना हुई। निज निवास से पाताली हनुमान मंदिर तक तो सीसी रोड बना हुआ है, लेकिन उसके आगे का रास्ता कीचड़, गंदगी और मलयुक्त पानी से भरा हुआ था। इसी बदहाल मार्ग से शव यात्रा को मजबूरी में निकालना पड़ा। कई बार कर चुके शिकायत पर नहीं हुआ सुधार
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग की स्थिति वर्षों से खराब है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद नगर पालिका और प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। भूतपूर्व सैनिक की अंतिम यात्रा के दौरान मौजूद लोगों ने नगर पालिका, जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति भारी रोष व्यक्त किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश की सेवा करने वाले सैनिक की अंतिम यात्रा भी सम्मानजनक मार्ग से नहीं निकल पाई, तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। वार्ड क्रमांक-17 के पार्षद राजा यादव ने बताया कि ग्वाल समाज के पैतृक मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग की बदहाली को लेकर वे कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें कर चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने मांग की कि नगर पालिका और जिला प्रशासन इस मार्ग का शीघ्र निरीक्षण कर सीसी रोड का निर्माण कराए, ताकि मुक्तिधाम तक लोगों को सम्मानजनक और सुरक्षित मार्ग मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *