भीलवाड़ा में खेत में घुसी नील गाय को भगाते समय किसान कुएं में गिर गया। उसके चिखने की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे और उसे बाहर निकाला। हालांकि हॉस्पिटल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामला मंगरोप थाना क्षेत्र के सियार गांव का है। यहां खेत में घुसी नील गाय को भगाते समय एक किसान की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव के परिजनों के सुपुर्द कर जांच शुरू कर दी। नील गाय को भगाने के दौरान गिरा मंगरोप थाने के एएसआई नारायण लाल ने बताया- थाना क्षेत्र के सियार निवासी शंकर लाल (55) पुत्र बगतावर लाल जाट शनिवार रात को अपने खेत में नील गाय से फसलों की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे खेत में घुसी नील गाय को भगाने के दौरान शंकर खेत में बने कुएं में गिर गया। शंकर की चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण आए और बड़ी मशक्कत से बुजुर्ग को कुएं से बाहर निकाला। उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया। आज मृतक के परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


