भास्कर न्यूज | बलरामपुर बलरामपुर में 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 7 जनवरी को साप्ताहिक बाजार में नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसपी बलरामपुर वैभव बैंकर के मार्गदर्शन और एएसपी विश्वदीपक त्रिपाठी के निर्देशन में यह अभियान 1 से 31 जनवरी तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के महत्व और यातायात नियमों का पालन न करने के दुष्परिणामों को आम जनता के सामने प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक में सड़क सुरक्षा मितान छोटू छलिया और डीएस. बाबू ने मनमोहक प्रस्तुति देकर लोगों को हेलमेट न लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने तथा अन्य नियमों के उल्लंघन के खतरों से अवगत कराया। जिला परिवहन अधिकारी यशवंत यादव और यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन ने नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न करने, नाबालिगों को वाहन न चलाने, ओवर स्पीडिंग और ओवर टेकिंग से बचने, हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने और वाहन दस्तावेज हमेशा साथ रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर लगभग 500 नागरिक उपस्थित हुए और उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझी। लोगों को पर्चे बांटती यातायात विभाग की टीम।


