डूंगरपुर में जिला परिवहन और पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह अभियान में एक अनूठी पहल की गई। धम्बोला पुलिस ने सीमलवाड़ा बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। सीमलवाड़ा पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार राजोरा के मार्गदर्शन में थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग करने और नियमित गति से वाहन चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। पुलिस उपाधीक्षक राजोरा ने चिंताजनक आंकड़े साझा करते हुए बताया कि देश में प्रतिवर्ष हजारों लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा देते हैं। इनमें अधिकांश मौतें हेलमेट न पहनने और तेज गति से वाहन चलाने के कारण होती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना के बाद समय पर घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बचाई जा सकती है। अभियान के तहत धम्बोला थाना पुलिस क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में जाकर छात्रों से संवाद किया गया। साथ ही सीएलजी बैठकों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया गया।


