वार्ड नंबर 38 के आदर्श नगर में वॉटर कनेक्शन दिया गया लेकिन आज तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई वार्ड नंबर- 38 के धुर्वा स्थित आदर्श नगर में जुडको की ओर से तीन साल पहले पानी का कनेक्शन दिया गया था। घरों के अंदर पाइप पहुंच गई है, लेकिन अभी तक पानी नहीं पहुंचा है। लेकिन इस क्षेत्र के नेताजी जब नो ड्यूज सर्टिफिकेट लेने निगम पहुंच रहे हैं तो उनसे पानी का बिल मांगा गया। शुक्रवार को इस क्षेत्र के धनेश्वर ठाकुर को बिना पानी लिए 10 हजार से अधिक टैक्स का भुगतान करना पड़ा। उन्होंने निगम में बताया कि उनके घर में आज तक पानी नहीं आया है। ऐसे में किस बात का टैक्स। लेकिन उन्हें टका सा जवाब मिला कि पानी आया या नहीं उससे कोई मतलब नहीं है। आपके नाम पर बकाया दिखा रहा है तो देना ही होगा। नामांकन भरने के चक्कर में उन्होंने जैसे-तैसे पैसा जुगाड़ करके निगम में जमा किया।


